Looking For Anything Specific?

बागपत: युवती की हत्याकर शव बिटौड़े में जलाया, मचा हड़कंप


- सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिटौड़े से बरामद किया अधजला शव,  घटना के खुलासे के लिए पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे

बागपत। बागपत कोतवाली क्षेत्र के बाघू गांव के बाहर गुरुवार की सुबह अज्ञात महिला का शव बिटौड़े में जलता मिला। ग्रामीणों को जैसे ही घटना का पता चला, तो उनमें हड़कंप मच गया। तुरंत ही पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सूचना पर पहुंचे एसपी और एएसपी ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। एसपी के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें घटना के खुलासे के प्रयासों में लग गई है।

बाघू गांव के बाहर काफी ग्रामीणों ने उपलों के बिटौड़े रखे हुए है। वहीं, पास से ही दिल्ली-देहरादून इकॉनोमिक कॉरिडोर भी गुजर रहा है। गुरुवार की सुबह लोग नींद से जागे, तो उन्होंने गांव के बाहर बिटौड़े में आग लगे होने की जानकारी मिली। जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो उसमें युवती का शव जलता दिखाई दिया। वहीं, बिटौड़े के पास महिला के सेंडिल और अन्य सामान भी पड़ा मिला। जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत ही घटना की सूचना पुलिस को दी। दिन निकलते ही शव मिलने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बागपत कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझवाते हुए युवती के अधजले शव को कब्जे में लिया। इसी बीच अधजला शव मिलने की सूचना पर एएसपी प्रवीण सिंह चौहान और सीओ बागपत अंशु जैन भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और फिर शव को पंचनामा भरवाते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, कुछ देर बाद ही एसपी सूरज कुमार राय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली, लेकिन शव के बारे में ग्रामीण कोई जानकारी नहीं दे सके।


पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज

गुरुवार की सुबह बाघू गांव में बिटौड़े से युवती का अधजला शव मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। शव किसका है, यह भी अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस युवती की शिनाख्त के लिए बाघू के साथ आस-पास के ग्रामीणों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन मृतका कौन थी इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। जिसके बाद पुलिस ने बाघू मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है, लेकिन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में भी अभी तक कोई अहम जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ