मेरठ | सोने-चांदी की कीमत में अप्रत्याशित वृद्धि का क्रम बना हुआ है। कीमतों के उछाल ने सर्राफा व्यापार को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सर्राफा व्यापारियों की मानें तो चांदी छह लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक और सोने की कीमत तीन लाख रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर को छू सकती है। चांदी और सोने में निवेशक जमकर लाभ कमा रहे हैं। अब लोग सोने-चांदी की नई खरीद के बजाए पुराने गहनों को लाकर बाजार में बदलकर ले जा रहे हैं।
एशिया के प्रमुख मेरठ सर्राफा मंडी में गुरुवार को चांदी की कीमत चार लाख 20 हजार रुपये प्रति किलोग्राम एवं सोने की कीमत एक लाख 90 हजार रुपये प्रति दस ग्राम दर्ज की गई। सर्राफा व्यापारी आशुतोष अग्रवाल का मानना है कि चांदी की कीमत छह लाख रुपये किलोग्राम तक एवं सोने की कीमत तीन लाख रुपये प्रति दस ग्राम तक पहुंच सकती है। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल का कहना है कि सोने-चांदी की कीमतों में कब उतार-चढ़ाव हो जाए, कुछ नहीं कह सकते। चांदी की कीमत एक दिन में 20 हजार से 40 हजार तक का उछाल आ जा रहा है। उनका कहना है कि लोग पुरानी चांदी लाकर उसे आसानी से बदलकर ले जा रहे हैं, लेकिन कीमतों के उतार-चढ़ाव में नकद पैसा देकर सोना-चांदी (ज्वेलरी) खरीदने वालों के लिए मुश्किल हो रही है। देखते ही देखते भाव कहीं का कहीं पहुंच जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ