-एक आरोपी कुछ दिन पहले ही घर में काम करने आया था, उसी ने बनाई योजना
अलीगढ़। देहलीगेट थाना क्षेत्र के घुड़ियाबाग इलाके में होली के दिन बदमाश दिनदहाड़े होली मिलने के बहाने एक स्क्रैप कारोबारी के घर में घुस गए। तमंचे व चाकू के बल पर दंपती से मारपीट की और बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दे डाला। आरोपियों के चेहरों पर रंग लगा हुआ था। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से 24 घंटे के अंदर घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को दबोच लिया। इनमें एक आरोपी कुछ दिन पहले कारोबारी के घर आया था, जिसने घटना की योजना बनाई थी।
देहलीगेट थाना क्षेत्र के घुड़ियाबाग इलाके में हाथरस वाला पेंज निवासी विनोद कुमार स्क्रैप कारोबारी हैं। उनकी पत्नी सुमन भाजपा नेता सुबोध स्वीटी की बहन हैं। बुधवार दोपहर को होली पर दंपती घर पर थे, तभी किसी ने गेट खटखटाया। जाल में से झांकते हुए कहा कि होली मिलने आए हैं। विनोद गेट पर पहुंचे, तभी आरोपी धक्का मारते हुए अंदर घुस आया। उसके पीछे तीन और लोग थे, जो घर में दाखिल हो गए। दो लोगों के हाथ में चाकू व दो के हाथ में पिस्टल व तमंचे थे। आरोपियों ने तमंचा व चाकू निकालकर धमकाना शुरू कर दिया। दंपती पर पिस्टल तानकर मारपीट करने लगे। इसी बीच सुमन के हाथों के कंगन उतरवा लिए। रुपये व गहने के बारे में पूछते हुए अलमारी की चाबी मांगी। सुमन ने मना किया तो लकड़ी की अलमारी को तोड़कर उसमें से 10 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद दंपती को कमरे में बंद करके भाग गए। जाते हुए दो मोबाइल फोन भी ले गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दंपती कमरे से बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी। बाद में एसएसपी नीरज जादौन, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एसपी व सीओ प्रथम मयंक पाठक मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी करीब कैमरे खंगाले, जिसमें चार आरोपी गली में आते हुए नजर आए। गुरुवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें गोंडा रोड निवासी आरिफ, फरीदाबाद के सारन जिले के डबुआ कालोनी निवासी नदीम, महफूज नगर निवासी भूरा उर्फ निजामुद्दीन, बुलंदशहर के थाना खुर्जा क्षेत्र के आबदा नगर निवासी हासिम (हाल निवासी जुबैरा मस्जिद के पास थाना रोरावर) व नींवरी सरकारी स्कूल के पास रहने वाला पप्पू शामिल है। आरोपियों के पास से लूटे गए दोनों कंगन, साढ़े सात हजार रुपये, दो तमंचा व घटना में प्रयुक्त बाइक, एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों को जेल भेज दिया गया। आरिफ पर तीन व पप्पू पर तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों ने पहली बार घटना को अंजाम दिया। पूछताछ में पता चला कि घटना से कुछ दिन पहले ही भूरा विनोद के घर में स्क्रैप का काम करने आया था। उसे पता था कि मकान में केवल दंपती रहते हैं। अलमारी में रुपये भी रखे रहते हैं। एक बदमाश फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
जाते हुए वाई-फाई का राउटर भी ले गए :
विनोद के बेटे आकाश का कुछ दिन पहले ही निधन हुआ है। बेटी आकांक्षा इंजीनियर हैं और नोएडा में रहती हैं। बदमाशों ने बेटी को कमरे को निशाना बनाया और अलमारी के ताले तोड़कर नकदी व जेवरात समेट ली। जाते हुए आरोपियों ने धमकी दी कि अंदर ही रहना, बाहर निकले तो जान से मार देंगे। यहां तक कि घर में लगा वाई-फाई राउटर भी ले गए, ताकि कारोबारी किसी को सूचना न दे सकें।
साहस दिखाते हुए बदमाश को काटा :
कारोबारी की पत्नी ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध भी किया। एक बदमाश का हाथ काट लिया था। इसके चलते शेष सामान बच गया था। हालांकि हाथापाई में उनको भी चोट आई। कमरे में बंद होने के बाद भी उन्होंने छिपाकर रखे एक मोबाइल फोन से अपने भाई व देवरानी को सूचना दे दी। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस पहुंच गई। सुमन की इस बहादुरी पर एसएसपी ने बुके देकर उनको सम्मानित किया।
भाजपा नेता की बहन हैं कारोबारी की पत्नी :
सुमन भाजपा नेता सुबोध स्वीटी की बहन हैं। घटना के खुलासे पर सुबोध स्वीटी ने अलीगढ़ पुलिस का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा है कि त्योहार के बावजूद पुलिस ने घटना को गंभीरता से लिया और महज 12 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, भाजपा नेता संजय गोयल ने भी अलीगढ़ पुलिस की सराहना की है।
पुलिस की होली से पहले खुलासा करने पर मिला इनाम :
एसपी सिटी व सीओ प्रथम के नेतृत्व में टीम में देहलीगेट थानाध्यक्ष ईश्वर सिंह, साल 2023 बैच के एसआई अनुराग सोनकर, एसआई गौरव गौतम, एसआई अभिषेक पटेल, एसआई अनूप कुमार द्विवेदी व महिला एसआई कनिका के अलावा हेड कांस्टेबल अकबर खान, कांस्टेबल मानवेंद्र, क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग के एसआई विनय कुमार, कांस्टेबल आकाश शर्मा, कुलदीप फौजदार, सुगंध प्रताप, मनवीर सिंह व मनोज चाहर शामिल रहे। एसएसपी ने कहा कि टीम ने घटना को चुनौती के रूप में लिया और पुलिस की होली से पहले ही खुलासा कर दिया। उन्होंने टीम की पीठ थपथपाते हुए 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
0 टिप्पणियाँ