Looking For Anything Specific?

कर्ज के बोझ ने तोड़ी जिंदगी की डोर, मफलर का फंदा बनाकर युवक ने की आत्महत्या


- सुसाइड से पहले वीडियो बनाकर लगाया कर्ज देने वालों पर प्रताड़ना का आरोप

मेरठ | सिविल लाइन थाना क्षेत्र के यादगारपुर में कर्ज के दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक प्लंबर ने आत्महत्या कर ली। युवक ने फांसी लगाने से पहले मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड किए, जिनमें उसने कर्ज, आर्थिक तंगी और कर्ज देने वालों द्वारा परेशान किए जाने की बात कही। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

यादगारपुर निवासी गोविंद पुत्र ओमप्रकाश पेशे से प्लंबर था। उसकी करीब पांच साल पहले शादी हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह माता पिता, भाई-भाभी के साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक, गोविंद ने कामकाज के लिए कर्ज लिया था, जो समय के साथ बढ़ता गया। कर्जा देने वाले लगातार पैसे के लिए उसे परेशान कर रहे थे, जिससे वह मानसिक तनाव में रहने लगा। बुधवार रात गोविंद ने मोबाइल पर वीडियो रिकॉर्ड किए। वीडियो में उसने बताया कि उस पर इतना कर्ज हो गया है कि वह चुका नहीं पा रहा है। उसने कहा पत्नी के जेवर भी गिरवी रख चुका है और दिन-रात मेहनत करने के बावजूद हालात नहीं सुधर रहे। वीडियो बनाने के बाद उसने अपने कमरे में मफलर का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। रात में जब उसका भाई गौरव कमरे में पहुंचा तो गोविंद को फंदे से लटका पाया। परिवार में कोहराम मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वीडियो सामने आए हैं, जिनके आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ