Looking For Anything Specific?

मेरठ : भाकियू इंडिया जिलाघ्यक्ष पर 30 सेकेंड में बरसाए 27 बार डंडे, चेहरा जूते से कुचला

- कार के नीचे कुत्ता आने को लेकर शुरू हुआ था विवाद,  दबंग आरोपियों ने बीच सड़क बेरहमी से गिराकर पीटा 

मेरठ | टीपीनगर की दिनेश विहार कॉलोनी में कातिलाना हमले की सनसनीखेज वारदात अंजाम दी गई। दबंगों ने भाकियू इंडिया के जिलाध्यक्ष को बेरहमी से पीटा और 30 सेकेंड में 27 बार डंडे से वार किए। घायल को सड़क पर गिराकर चेहरे को जूते से कुचल दिया। सिर पर गमला दे मारा। गाड़ी के नीचे कुत्ता आने पर दोनों पक्ष में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद हमला किया गया। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार हैं और गिरफ्तारी के लिए पुलिस काम कर रही है।

दिनेश विहार कॉलोनी निवासी जगदीश प्रसाद अधिवक्ता हैं और इनका भतीजा दीपक राणा भाकियू इंडिया में जिलाध्यक्ष है। बुधवार रात करीब नौ बजे दीपक राणा दूध लेने कार से डेयरी पर गए थे। दीपक की कार के नीचे कुत्ता आ गया और उसकी मौत हो गई। इसी को लेकर डेयरी संचालक नीरज, बिट्टू ठाकुर, ओमेंद्र मलिक और रुद्राक्ष ठाकुर समेत कुछ लोगों ने दीपक से गाली गलौज और हमला कर दिया। दीपक को लाठी डंडों से पीटना शुरू कर दिया। सूचना घर पर मिली तो परिवार के सदस्य नीनू और विशु मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने दोनों पर भी हमला किया और डंडों से पीटा। 

आरोप है हमलावरों ने वहां रखा गमला उठाकर दीपक के सिर पर दे मारा। इसके बाद दीपक सड़क पर अर्द्धबेहोशी की हालत में गिरा तो आरोपियों ने उसे कई बार लात मारी। आरोपियों ने दीपक के चेहरा जूते से कुचल दिया और वार किए। हमले में घायल दीपक राणा और बाकी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जगदीश प्रसाद की ओर से रात को ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। हमले की एक वीडियो भी मिल गई। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और गिरफ्तारी के लिए टीम को लगाया है। 

30 सेकेंड में 27 बार डंडे से हमला

वायरल वीडियो में कुछ हमलावर दीपक पर हमला करते दिख रहे हैं। आरोपियों ने डंडों से दीपक को पीटा। बचाव में दीपक के पक्ष के दो युवक आए तो आरोपियों ने उन्हें भी घायल कर दिया। 30 सेकेंड की वीडियो में आरोपियों ने 27 बार डंडे से वार किए। वीडियो को किसी व्यक्ति ने घर की छत से बनाया था। इसी वीडियो के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ