Looking For Anything Specific?

70 किलोमीटर पीछा कर रुकवाई बस, चालक-खलासी को पीटा

- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर बांगरमऊ के पास कार सवारों की गुंडई

- चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर 

गंजमुरादाबाद (उन्नाव) | कार सवार युवकों ने लखनऊ से रोडवेज बस का पीछा किया और 70 किलोमीटर तक दौड़ा कर बांगरमऊ में बस रुकवाकर चालक-खलासी को नीचे घसीट लिया। दोनों को बुरी तरह पीट कर भाग निकले। ड्राइवर का कहना है कि कार सवारों में से किसी एक के परिजन का बस में टिकट बुक था। वह समय पर नहीं आया। कार सवार जबरन बस रोक रहे थे। समय होने पर बस रवाना हो गई तो उन्होंने पीछा कर 70 किमी दूर बस रोक कर हमला किया। घटना बुधवार आधी रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ के पास हुई। गुरुवार को बांगरमऊ कोतवाली में चार नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। 

पूर्वी दिल्ली में जीटीवी इन्क्लेव जगतपुरी एक्सटेंशन सी-33 गली नंबर चार निवासी राजेश कुमार सिंह बस ड्राइवर हैं। उन्होंने बांगरमऊ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने सहचालक बबलू पुत्र सुखबीर सिंह निवासी सरूरकला जिला बागपत के साथ बस से सवारियां लेकर लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। 28 जनवरी की देर रात बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में हवाई पट्टी पर शीतलगंज गांव के निकट कार सवार लोगों ने बस को ओवरटेक कर रोका। उन्हें और बबलू को बस से बाहर खींचते हुए नीचे उतारा और बेरहमी से मारा-पीटा। धमकी दी कि कहीं शिकायत की तो जान से मार देंगे। इस दौरान बसा यात्री वीडियो बनाने लगे तो उन्हें भी धमकाया। हालांकि यात्रियों के एकजुट होने पर हमलावर भाग निकले। इंस्पेक्टर अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि राजेश  की तहरीर पर रोहित सिंह, रवि प्रकाश सिंह, अमोल सिंह और राकेश सिंह व दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्राथमिक जांच में पता चला कि जिन कार सवारों ने हमला किया उनके एक साथी ने दिल्ली जाने के लिए बस में टिकट बुक कराया था। बस अड्डे देरी से पहुंचने से उनकी बस छूट गई थी। इस पर कार सवार युवक लखनऊ से ही बस के पीछे लग गए। रास्ते में बस रुकवाकर घटना को अंजाम दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ