Looking For Anything Specific?

स्मार्ट मीटर-बिजली समस्याओं को लेकर तीन को ऊर्जा भवन घेरेंगे व्यापारी

मेरठ | उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश (पंजीकृत) की जनपद के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक गुरुवार को व्यापार मंडल के मुख्यालय मीनाक्षीपुरम में हुई। तीन फरवरी को एमडी पीवीवीएनएल का घेराव कर ज्ञापन देने का निर्णय लिया।

संगठन प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा छोटे दुकानदार, रेहड़ी-पटरी वाले, घरेलू उद्योग पहले ही महंगाई और ऑनलाइन व्यापार से त्रस्त हैं। ऊपर से स्मार्ट मीटर ने उनकी कमर तोड़ दी है। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में दो से तीन गुना तक वृद्धि हो रही है। इसे लेकर विभाग सुनवाई करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा सरकार स्मार्ट मीटर को सुविधा बताती है तो बिल विवाद में बिजली क्यों काटी जा रही है? जब तकनीक पारदर्शी है तो स्वतंत्र जांच की व्यवस्था क्यों नहीं? कहा तीन फरवरी को स्मार्ट मीटर और बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं को लेकर व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल एमडी पीवीवीएनएल का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपेगा। बैठक में राजकुमार त्यागी, सुशील जैन, अतुल्य गुप्ता, गौरव गोयल, संजय कुमार, इसरार सिद्दकी, रामोतार, कुलभूषण (हस्तिनापुर), शोभित त्यागी, अश्वनी फलावदा, राजा खान, पुष्पेन्द्र पाल, जनेश्वर त्यागी, फराकत राणा, राहुल शर्मा, प्रमोद खरखौदा, राहुल, सादिक रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ