- 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा, दो फरवरी से शुरू हो रही प्रयोगात्मक परीक्षा
बागपत। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियों को अंतिम रुप देना शुरू कर दिया है। बेहतर बिजली सप्लाई तथा आवागमन में कोई दिक्कत न हो। इसे देखते हुए परीक्षा समय पर बसों के संचालन कराए जाने के निर्देश जारी किए गए है।
18 फरवरी से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का आगाज होगा। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। 37 परीक्षा केद्रों पर 26 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षाओं को लेकर परीक्षार्थियों ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। महत्वपूर्ण सवालों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। सुबह और दोपहर की पाली में परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसे देखते हुए परिवहन विभाग को माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से दिशा निर्देश जारी किए गए है। डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने बताया कि रोडवेज डिपो के एआरएम को पत्र लिखकर परीक्षा समय के दौरान बसों का अधिक संचालन किए जाने के लिए कहा है। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी पत्र लिखा गया है। जिसमें कहा गया है कि परीक्षा के समय पर्याप्त बिजली सप्लाई दी जाए।
प्रयोगात्मक परीक्षाओं को हेल्पलाइन नंबर जारी
यूपी बोर्ड परीक्षाओं से पूर्व प्रयोगात्मक परीक्षाओं पर बोर्ड का विशेष जोर है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रयोगात्मक परीक्षाओं को आयोजित कराया जाएगा। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में प्रयोगात्मक परीक्षाओं को कराया जाएगा। परीक्षार्थियों व परीक्षकों के लिए बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं। यदि कोई दिक्कत है, तो हेल्पलाइन नंबर के जरिए उसका निवारण किया जाएगा। डीआईओएस राघवेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में दूसरे चरण में दो फरवरी से प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आगाज होगा। 87 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन होगा। प्रयोगात्मक परीक्षाओं से पूर्व ही संसाधनों को पूर्ण कर लिए जाने के निर्देश पिछले दिनों जारी किये गए थे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आगाज होगा। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के दौरान यदि किसी छात्र, छात्रा, प्रधानाचार्य और अध्यापकों को कोई दिक्कत है, तो वो क्षेत्रीय कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ