देहरादून से लौटते समय हुआ हादसा, मध्यप्रदेश-झारखंड के रहने वाले थे मृतक छात्र
दिल्ली के द्वारका स्थित फर्स्ट टाइम बिजनेस स्कूल में एमबीए के प्रथम वर्ष के छात्र थे
बागपत। बागपत-सोनीपत हाईवे पर निवाड़ा पुलिस चौकी के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार बाइक अचानक रुके ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में बाइक पर सवार एमबीए के दो छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र मध्यप्रदेश व झारखंड के रहने वाले थे और दिल्ली के द्वारका स्थित कॉलेज से एमबीए कर रहे थे। दोनों छात्र अपने दो अन्य साथियों के साथ देहरादून घूमने गए थे।
नोएडा के एडब्ल्यूएचओ काम्प्लेक्स के पास रहने वाले छात्र अर्जुन सिंह तेवतिया ने बताया कि
वह दिल्ली के द्वारका स्थित फर्स्ट टाइम बिजनेस स्कूल में एमबीए (प्रथम वर्ष) का छात्र है। वह अपने साथी 22 वर्षीय पार्थ जिंदल पुत्र राकेश जिंदल निवासी बंगला नंबर-30, वार्ड-33 नीमच (मध्य प्रदेश), 24 वर्षीय मयंक नारायण गांगेसरिया पुत्र नारायण प्रसाद गांगेसरिया निवासी फ्लेट नंबर 306 जयप्रकाश नगर बरटाड जनपद धनबाद (झारखंड) और 24 वर्षीय देवराज राय पुत्र हरेंद्र कुमार राय निवासी कानपुर रोड निकट 32 पीएसी बटालियन लखनऊ के साथ 25 जनवरी को किराए की दो बाइक लेकर उत्तराखंड घूमने गए थे।
मंगलवार देररात चारों छात्र दो बाइकों पर सवार होकर दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब दो बजे जैसे ही उनकी बाइक बागपत-सोनीपत हाईवे पर निवाड़ा पुलिस चौकी के पास पहुंची, तो बाइक के आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस कारण पार्थ जिंदल और मयंक नारायण गांगेसरिया की बाइक ट्रक में जा घुसी और दोनों छात्र गंभीर रूप में घायल हो गए।
उनकी बाइक के पीछे चल रही बाइक पर सवार देवराज राय और अर्जुन तेवतिया ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मयंक नारायण को मृत घोषित कर दिया, जबकि पार्थ जिंदल को गंभीर अवस्था के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिसके बाद देवराज व उसका साथी अर्जुन तेवतिया पार्थ को उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उपचार के दौरान पार्थ की भी मौत हो गई। सीओ अंशु जैन ने बताया कि हादसे में दो छात्रों की मौत हुई है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ