Looking For Anything Specific?

हादसा: पुणे में विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत चार की मौत


पुणे।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की बुधवार सुबह पुणे जिले में बारामती हवाई अड्डे के निकट विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पवार पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के लिए पुणे जिले में चार रैलियों को संबोधित करने के वास्ते सुबह मुंबई से रवाना हुए थे।

दुर्घटना में जान गंवाने वालों में कैप्टन सुमित कपूर भी शामिल हैं, जिनके पास 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव था। 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव रखने वालीं सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) विधिप जाधव; और विमान परिचारिका पिंकी माली की भी दुर्घटना में मौत हो गई। सरकार ने एक बयान जारी किया जिसमें दुर्घटना का क्रम विस्तार से बताया गया है। विमान यातायात नियंत्रण कक्ष (एटीसी) ने बुधवार सुबह खराब दृश्यता के बाद हवा में एक चक्कर लगाने के बाद लियरजेट विमान को उतरने की अनुमति दे दी थी। लेकिन अंततः अनुमति मिलने के बाद भी विमान ने एटीसी को कोई रीड-बैक या प्रतिक्रिया नहीं दी और कुछ ही क्षण बाद रनवे किनारे पर वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई।

विमान संचालन की भाषा में, “चक्कर लगाना” एक मानक प्रक्रिया है जिसमें पायलट लैंडिंग का प्रयास रोक देता है और पुनः लैंडिंग के लिए विमान ऊपर ले जाना  शुरू करता है। खराब मौसम, अस्थिर लैंडिंग पथ, या रनवे पर यातायात जैसी वजहों से सुरक्षित लैंडिंग पूरी नहीं होने की स्थिति में ऐसा किया जाता है। यह एक आपात स्थिति नहीं, बल्कि एक एहतियाती सुरक्षा कदम है।

  विमान संचालन की भाषा में ही, “रीडबैक” एक महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रक्रिया है, जिसमें पायलट एटीसी से मिले निर्देशों या संदेश को दोहराता है। इससे यह सुनिश्चित होता है कि पायलट ने नियंत्रक के निर्देश ठीक ढंग से समझ लिए हैं।

नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने पुणे में पत्रकारों से कहा कि विमान खराब दृष्यता के बीच जमीन पर उतरने का प्रयास कर रहा था। नागर विमानन मंत्रालय के बयान में वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के लियरजेट 45 के दुर्घटनाग्रस्त होने से चंद मिनट पहले का विवरण दिया। इस दुर्घटना में विमान में सवार पवार समेत सभी पांच लोगों की मौत हो गई।

बयान में कहा गया है कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने जांच का जिम्मा संभाल लिया है। बयान के अनुसार, वीएसआर वेंचर्स के बेड़े में सात लियरजेट 45 विमान (जिसमें यह दुर्घटनाग्रस्त विमान भी शामिल है), पांच एम्बरर 135बीजे विमान, चार किंग एयर बी200 विमान और एक पिलाटस पीसी-12 विमान शामिल हैं।  उड़ानों की निगरानी करने वाली 'फ्लाइट रडार' के अनुसार, विमान ने मुंबई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर उड़ान भरी और सुबह लगभग आठ बजकर 45 मिनट पर यह रडार से गायब हो गया। डीजीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी और एक परिचारिका, चालक दल के दो सदस्यों (कैप्टन और सह-पायलट) समेत पांच लोग सवार थे। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। उन्होंने कहा, ''विमान में सवार सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा और दो बेटे पार्थ और जय हैं। सुनेत्रा राज्यसभा सदस्य हैं। अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने हाल में पुणे और पिंपरी चिंचवड में हुए निकाय चुनाव में अपने चाचा शरद पवार की राकांपा (शप) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और देश के विभिन्न दलों के कई अन्य नेताओं ने अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। बारामती पहुंचे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पवार के निधन को दुखद और अविश्वसनीय बताया और कहा कि उन्होंने एक अच्छा मित्र खो दिया है। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, विमान हवा में “थोड़ा अस्थिर” दिख रहा था और जैसे ही वह जमीन से टकराया, विस्फोट हो गया। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई। महाराष्ट्र सरकार ने 30 जनवरी तक तीन दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रध्वज आधा झुका रहेगा। बृहस्पतिवार को बारामती में राजकीय सम्मान के साथ अजित पवार का अंतिम संस्कार किया जाएगा। राकांपा के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री शाह पूर्वाह्न 11 बजे विद्या प्रतिष्ठान मैदान में होने वाले अंतिम संस्कार में शामिल हो सकते हैं।

राकांपा (शप) के प्रमुख शरद पवार बारामती हवाई अड्डे और मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां पर दुर्घटनास्थल से अजित पवार के शव को लाया गया था। राकांपा के संस्थापक शरद पवार की बेटी और बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले अपने चचेरे भाई के निधन पर अत्यंत शोकाकुल दिखाई दीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ