- समस्या के समाधान के लिए अधिकारियों को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
बागपत। फार्मर रजिस्ट्री एवं क्रॉप कटिंग सर्वे और एडीएम की अभद्रता से नाराज ग्राम सचिवों ने सोमवार को विकास भवन पर प्रदर्शन किया। सीडीओ और डीएम को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या का समाधान निकालने की मांग की। 24 घंटे के भीतर समाधान न होने पर बुधवार से काम बंद हड़ताल शुरू कर देने की चेतावनी दी।
दरअसल, 31 जनवरी को विकास भवन के सभागार में फार्मर रजिस्ट्री एवं क्रॉप कटिंग सर्वे को लेकर बैठक हुई थी। जिसमें ग्राम सचिवों ने एडीएम विनीत कुमार उपाध्याय पर अभद्रता करने का आरोप लगाया था। बैठक का बहिष्कार करते हुए विकास भवन से चले गए थे। सोमवार को ग्राम सचिव विकास भवन में एकत्र हुए। जिसके बाद उन्होंने प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि दो दिन पहले एडीएम विकास भवन सभागार में सचिवों व पंचायत सहायकों की बैठक ले रहे थे। बैठक के दौरान ग्राम सचिवों ने अपनी बात रखी थी। आरोप है कि तभी एडीएम ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और उनकी बात तक नहीं सुनी। मुकदमा दर्ज कराने की धमकी तक दी गई। कहा कि वे एडीएम के व्यवहार से आह्त है। वहीं, विभागीय कार्यों के साथ उनकी ड्यूटी फार्मर रजिस्ट्री और क्रॉप कटिंग सर्वे में लगाई जा रही है, जो गलत है। ग्राम सचिवों ने सीडीओ बृजेंद्र शुक्ला को ज्ञापन सौंपते हुए समस्या का समाधान कराने की मांग की। मांग के पूरा न होने पर बुधवार से काम बंद हड़ताल शुरू कर देने की चेतावनी दी। इसके बाद ग्राम सचिवों ने डीएम को भी ज्ञापन सौंपा। जोनी चौधरी, विनय कुमार, निशांत चौधरी, विपिन कुमार, अमित कुमार, गौरव तोमर, अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ