- कई घायलों को हॉयर सेंटर किया गया रेफर] खेकड़ा क्षेत्र में हसनपुर मसूरी गांव के पास हुआ हादसा
बागपत। खेकड़ा-अक्षरधाम एलिवेटिड हाईवे पर मंगलवार की सुबह हसनपुर मसूरी गांव के पास घने कोहरे के चलते 20 वाहन आपस में टकरा गए। जिससे उनमें सवार 30 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा होते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। एएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। छतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया।
दरअसल, मंगलवार की सुबह घना कोहरा था। जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। वहीं, खेकड़ा-अक्षरधाम एलिवेटिड हाईवे पर हसनपुर मसूरी गांव के पास छाए घने कोहरे के कारण 20 से अधिक वाहन आपस में टकरा गए। जिससे उनमें सवार 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत नाजुक बनी हुई है, तो कुछ को मामूली चोटें आई। घायलों में रफीक, नफीसा, सद्दाम और यूसुफ निवसी नंगला चरथावल, अशोक निवसी खेकड़ा, मनोज निवासी बागपत, सुधीर निवासी बड़ौत आदि शामिल रहे। हादसे की सूचना पर बागपत ओर खेकड़ा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायलों को खेकड़ा सीएचसी ओर जिला अस्पताल भिजवाया गया। हादसे की सूचना पर एएसपी प्रवीण सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद एएसपी खेकड़ा सीएचसी पहुंचे और घायलों का कुशलक्षेम जाना। चिकित्सकों के बेहतर उपचार के लिए निर्देशित किया। बता दें कि दो दिन पहले भी इसी हाईवे पर घने कोहरे के कारण दर्जनों वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसके चलते काफी लोग घायल हुए थे।
एकाएक दृश्यता हुई शून्य, दो मिनट में टकरा गए 20 वाहन
खेकड़ा-अक्षरधाम हाइवे पर मंगलवार सुबह हुए हादसे की वजह घना कोहरा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे कोहरे के कारण एकाएक दृश्यता शून्य हो गई। जिसके बाद सिर्फ दो मिनट में ही 20 वाहन आपस में टकरा गए। हादसा इतना भयावह था कि हाईवे पर क्षतिग्रस्त वाहनों की लंबी कतार लगी रही। वहीं, उनमें सवार लोगों में चीख-पुकार मची रही।
दरअसल, मंगलवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे सूर्यदेव ने दर्शन दे दिए थे, लेकिन आधे घंटे बाद ही एकाएक समूचा जिला घने कोहरे के आगौस में समा गया। दृश्यता शून्य हो गई। इसी के चलते खेकड़ा-अक्षरधाम एलिवेटिड हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शी नवीन और अशोक ने बताया कि वे अपनी कार में सवार होकर दिल्ली से खेकड़ा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार हसनपुर मसूरी के पास पहुंची, तो एकाएक घना कोहरा छा गया। दृश्यता शून्य हो गई। जिसके बाद उन्होंने कार हाईवे किनारे खड़ी कर ली। इसी बीच बागपत की ओर से दिल्ली जा रही कार के चालक ने दृश्यता शून्य होने पर कार की स्पीड धीमी की, तो उसके पीछे आई कार उससे टकरा गई। इसके बाद सिर्फ दो मिनट के भीतर ही 20 से अधिक वाहन आपस में टकरा गया। कई वाहन तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इतना ही नहीं टेंपो में लदे दूध के कैंपर भी सड़क पर बिखर गए। जिससे हाईवे की सड़क पर दूध की नदी बहती रहती। वहीं, क्षतिग्रस्त वाहनों में सवार लोगों में चीख-पुकार मची रही। बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जिसके बाद लोगों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
0 टिप्पणियाँ