- मेरठ के राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी जाएंगे झारखंड, बागपत सांसद डॉ. राजकुमार को मिली पंजाब की जिम्मेदारी
- एमएलसी मोहित बेनीवाल जाएंगे तमिलनाडु, 24 को मनाया जाएगा उत्तर प्रदेश दिवस
मेरठ | उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर 24 जनवरी को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास की गाथा अब देश के अन्य राज्यों में भी गूंजेगी। इस खास मौके पर मेरठ समेत प्रदेश के विभिन्न जनप्रतिनिधि दूसरे राज्यों में जाकर ‘यूपी दिवस’ कार्यक्रमों की कमान संभालेंगे। लोगों को उत्तर प्रदेश की विकास की गाथा बताएंगे।
प्रदेश सरकार की ओर से 24 जनवरी को मनाए जाने वाले ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ को इस बार बेहद भव्य बनाने की तैयारी है। प्रदेश सरकार की योजना के अनुसार, इस बार प्रदेश की उपलब्धियों और सांस्कृतिक गौरव का संदेश अन्य राज्यों तक पहुंचाने के लिए वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद की ओर से जारी पत्र के अनुसार उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव मौर्य के साथ ही मंत्रियों, विभिन्न जनप्रतिनिधियों को भी दूसरे प्रदेशों की जिम्मेदारी दी गई है।
पश्चिम उत्तर प्रदेश से मेरठ के राज्यसभा सांसद डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी को झारखंड की जिम्मेदारी दी गई है। बागपत सांसद डा. राजकुमार सांगवान को पंजाब और एमएलसी मोहित बेनीवाल को तमिलनाडु की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अमरोहा के सांसद कंवर सिंह तंवर को हिमाचल प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तर प्रदेश दिवस का उद्देश्य केवल प्रदेश के भीतर उत्सव मनाना नहीं, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करना है। अन्य राज्यों में रहने वाले उत्तर प्रदेश के निवासियों को अपनी जड़ों से जोड़ने और वहां के स्थानीय लोगों को यूपी की प्रगति से रूबरू कराने के लिए यह कदम उठाया गया है।
प्रदेश से इन्हें मिली है जिम्मेदारी
उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य (दिल्ली), उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (गुजरात), वित्त मंत्री सुरेश खन्ना(महाराष्ट्र), जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह (असम), राज्यसभा सांसद डा. दिनेश शर्मा (राजस्थान), राज्यसभा सांसद डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी (झारखंड), पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह (मध्य प्रदेश), सांसद राजकुमार चाहर (हरियाणा), सांसद शशांक मणि (कर्नाटक), सांसद अनूप प्रधान (जम्मू-कश्मीर), सांसद कंवर सिंह तंवर (हिमाचल प्रदेश), सांसद रवि किशन (बिहार), सांसद अनुराग शर्मा (तेलंगाना), सांसद रमेश अवस्थी (छत्तीसगढ़), सांसद डा. राजकुमार सांगवान (पंजाब), राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह (गोवा), सांसद डा. आनंद गोंड (ओडिशा), एमएलसी ई. अवनीश पटेल (आंध्र प्रदेश), एमएलसी मोहित बेनीवाल (तमिलनाडु) और महिला आयोग उपाध्यक्ष अर्पणा यादव (उत्तराखंड)।
0 टिप्पणियाँ