- महिला दरोगा व पुलिसकर्मियों पर पैसे का दबाव बनाने का लगाया आरोप
बागपत | शहर के पुराना कस्बा निवासी युवक ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए लाइव वीडियो बनाकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। वहीं, पुलिस आरोपों को निराधार बता रही है।
पीड़ित युवक फिरौज ने आरोप लगाया कि उसे मारपीट के मामले में पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया था। थाने में एक दरोगा, एक महिला दरोगा और दो अन्य पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। उसे हवालात में भी डाले दिया। जिससे उसकी छवि धूमिल हुई है। युवक ने लाइव वीडियो बनाते हुए कहा कि वह पुलिस के लगातार उत्पीड़न और पैसों की मांग से तंग आकर आत्महत्या कर रहा है। उसने बताया कि उस पर लगातार मुकदमे में कार्रवाई और पैसों का दबाव बनाया जा रहा था, जबकि उसके पास इतने पैसे नहीं थे। वहीं, इस मामले में कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि युवक फिरोज के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज है। पिछले दिनों उसके खिलाफ मारपीट का एक मुकदमा दर्ज हुआ था। वह वादी पर फैसले के लिए दबाव बना रहा था। उसे नोटिस देने के लिए कोतवाली बुलाया गया था। वह शराब पीकर परिजनों के साथ कोतवाली आया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे नोटिस पर हस्ताक्षर कर घर जाने के लिए कह दिया था। फिरोज द्वारा पुलिस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। वहीं, परिजनों ने फिरोज को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
0 टिप्पणियाँ