-बुलंदशहर-मेरठ नेशनल हाईवे 334 पर सोमवार रात 11 बजे हुआ हादसा
-मेरठ निवासी भाजपा के एमएलसी अश्विनी त्यागी, मेरठ के डॉक्टर और बुलंदशहर के पीएसओ की मौत
गुलावठी | बुलंदशहर संवाददाता। बुलंदशहर-मेरठ नेशनल हाईवे 334 पर सोमवार रात 11 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित कार डिवाइडर को तोड़कर ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार भाजपा के एमएलसी अश्विनी त्यागी के भतीजे, डॉक्टर और पीएसओ की मौके पर ही मौत हो गई। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह रात में मौके पर पहुंचे। देर रात शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर में मेरठ के भाजपा के विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी के भतीजे और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय त्यागी के इकलौते पुत्र अंकित त्यागी उम्र 37 वर्ष, डा.आशुतोष पूनिया उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम डालमपुर थाना सरधना मेरठ, और महेश कुमार उम्र 55 वर्ष पुत्र रणवीर निवासी ग्राम जसनावली खुर्द बुलंदशहर यहां ककोड़ क्षेत्र के गांव रिठौरी में पॉल्ट्री फार्म देखने आए थे। बुलंदशहर से वापस मेरठ जाते समय रात करीब 11 बजे थाना गुलावठी क्षेत्र के गांव चिड़ावक के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
रात में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे एमएलसी समेत अन्य परिजन
देर रात जैसे ही सड़क हादसे में भतीजे अंकित त्यागी समेत तीन की मौत की जानकारी मिली तो रात करीब एक बजे एमएलसी अश्विनी त्यागी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। मृतक अंकित की पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक डॉक्टर आशुतोष पूनिया के पिता सहित अन्य परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पीएसओ महेश कुमार के गांव जसनावली खुर्द से परिजनों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। भाजपा के जिला महामंत्री अजय त्यागी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे।
कार के उड़े परखच्चे, वीभत्स हादसे से सहमे
हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। वीभत्स हादसे को देखकर हर कोई सहम गया। मृतक मृतक अंकित त्यागी का पिछले करीब छह साल से महेश कुमार पीएसओ था। अंकित त्यागी के द्रोण अस्पताल में आशुतोष पूनिया डॉक्टर थे।
एसएसपी समेत आला अफसर मौके पर पहुंचे
देर रात हादसे की सूचना मिलते ही एसएसपी दिनेश कुमार कुमार, एसपी सिटी शंकर प्रसाद, सीओ भास्कर मिश्रा, एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। थाना गुलावठी पुलिस, दमकल व अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
मौत की सूचना मिलते ही अंकित समेत अन्य के स्वजन में कोहराम मच गया। संजय त्यागी का सरधना में द्रोण स्कूल भी है।
0 टिप्पणियाँ