-ठेकेदारी के नाम पर करोड़ों रुपये लेने का आरोप, पैसा मांगने पर झूठे एससी/एसटी केस में फंसाने की धमकी
सहारनपुर | थाना सदर बाजार क्षेत्र में रिटायर्ड शुगर मिल अधिकारी से ठेकेदारी के नाम पर करीब ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, धमकी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एसएसपी के आदेश पर आरोपी ठेकेदार और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पंत विहार निवासी शेर सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्ष 2021 में शुगर मिल से एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसी दौरान थाना सदर बाजार क्षेत्र के रेणु विहार कॉलोनी निवासी महीपाल पुत्र मुखीराम उनके घर मरम्मत के काम के बहाने संपर्क में आया। धीरे-धीरे उसने ठेकेदारी में मुनाफे का लालच देकर निवेश के लिए भरोसे में लिया। आरोप है कि शेर सिंह चौहान ने महीपाल और उसकी पत्नी के खातों में करीब 1.33 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए, जबकि शेष रकम नकद दी गई। कुल मिलाकर करीब ढाई करोड़ रुपये दिए गए। शुरुआत में कुछ रकम लौटाने के बाद महीपाल ने भुगतान बंद कर दिया। पैसा मांगने पर उसने झूठे एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य मामलों में फंसाने की धमकी दी। बाद में आरोपी ने करीब 1.78 करोड़ रुपये के पोस्टडेटेड चेक दिए, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। इस पर पीड़ित ने न्यायालय में एनआई एक्ट के तहत वाद दायर किया। आरोप है कि बीते वर्ष नवंबर में टेलीफोन एक्सचेंज के पास महीपाल, उसकी पत्नी सुमित्रा, पुत्र नितिन और बेटियां निधि व मौशम ने सरेराह शेर सिंह चौहान के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने उन्हें बचाया। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर महीपाल पुत्र मुखीराम, उसकी पत्नी सुमित्रा, पुत्र नितिन और बेटियां निधि व मौशम निवासी रेणु विहार कॉलोनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ