- नकुड़ तहसील में तैनात अमीन अशोक ने परिवार सहित खत्म की जिंदगी, कक्षा 9 और 10 के छात्र समेत पांच की मौत, बहनों को ऑडियो संदेश भेजा
सहारनपुर । सरसावा थाना क्षेत्र में एक अमीन ने अपनी मां, पत्नी और दो नाबालिग बेटों की गोली मारकर हत्या कर दी, इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
नकुड़ तहसील में तैनात अमीन अशोक राठी (40) अपने परिवार के साथ सरसावा कस्बे के कौशिक विहार में किराए के मकान में रहते थे। परिवार में मां विद्यावती (70), पत्नी अंजिता (37) और दोनों बेटे देव (13) व कार्तिक (16) रहते थे। सोमवार देर रात करीब दो बजे आसपास रहने वाले लोगों ने धमाकों की आवाज सुनी, लेकिन उन्होंने बच्चों की बाइक या किसी अन्य आवाज का अंदेशा लगाकर किसी ने सूचना नहीं दी। मंगलवार सुबह जब घर के अंदर का नजारा सामने आया तो कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। मां विद्यावती, पत्नी अंजिता, दोनों बेटे देव व कार्तिक के शव बिस्तर पर पड़े मिले, जबकि अमीन अशोक का शव आंगन में खून से लथपथ पड़ा मिला। बच्चों, पत्नी और मां के माथे पर सटाकर गोली मारे जाने के निशान थे, जबकि अमीन की छाती पर गोली के निशान मिले। उसके माथे पर भी गोली लगी थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहले उसने मां, पत्नी और बच्चों की हत्या की, इसके बाद खुद को छाती में गोली मारी। जब उससे मौत नहीं हुई तो उसने माथे पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के जीजा जयवीर ने बताया कि जब वह घर के अंदर पहुंचे तो पूरा परिवार मृत पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल, एसएसपी आशीष तिवारी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और हर एंगल से जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने मौके से तीन पिस्टल भी बरामद किए हैं।
बहनों को ऑडियों संदेश भेजकर कहा, बहुत मजबूरी में उठाया कदम
जांच के दौरान पुलिस को अमीन द्वारा अपनी बहनों को भेजा गया एक ऑडियो संदेश भी मिला है, जिसमें उसने कहा कि वह बहुत मजबूर हो गया था और अपनी मजबूरी किसी को नहीं बता सकता। ऑडियो में उसने संपत्ति बहनों के नाम करने और भविष्य की जिम्मेदारियों का भी जिक्र किया है। यह भी कहा कि भैया दूज और रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाना। इस ऑडियो को पुलिस जांच का अहम हिस्सा मान रही है।
सांसद-विधायक ने भी घर पहुंचकर दिया हर संभव मदद का आश्वासन
सांसद इमरान मसूद और विधायक मुकेश चौधरी भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक व्यक्त करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
0 टिप्पणियाँ