सहारनपुर | उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव के तहत दीवानी कचहरी परिसर में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह दस बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम पांच बजे तक चली, जिसमें पहले दिन कुल 1184 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले में कुल 2998 अधिवक्ता मतदाता हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में वकील मतदान केंद्रों पर पहुंचे।
प्रदेशभर में बार काउंसिल सदस्य पद के लिए कुल 333 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सहारनपुर से मुख्तार अहमद, राजीव सैनी और अजय रोहिला भी सदस्य पद के दावेदार हैं। स्थानीय प्रत्याशियों को लेकर अधिवक्ताओं में विशेष रुचि देखी गई। मतदान के लिए दीवानी कचहरी परिसर में नौ टेबल लगाई गई थीं, ताकि प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा और चुनाव अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर बनाए रखी। इस चुनाव में प्रत्येक अधिवक्ता को वरीयता क्रम में कुल 25 सदस्यों के लिए मतदान करना था। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुने गए सदस्यों द्वारा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। इसी कारण इस चुनाव को बार काउंसिल के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहले दिन के मतदान के बाद मतपेटियों को कड़ी निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। शनिवार को भी मतदान कराया जाएगा।
-सहारनपुर से तीन अधिवक्ता मैदान में
-उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चुनाव में सहारनपुर जिले से मुख्तार अहमद, राजीव सैनी और अजय रोहिला सदस्य पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। स्थानीय अधिवक्ताओं में अपने प्रत्याशियों को लेकर उत्साह और समर्थन का माहौल देखा गया।
0 टिप्पणियाँ