Looking For Anything Specific?

सहारनपुर: घने कोहरे में टपरी मार्ग पर भीषण हादसा, महिला की मौत, आठ घायल

-कार, ऑटो और डंपर की भिंड़त से मचा कोहराम, स्वास्थ्य कर्मी पवित्रा की इलाज के दौरान मौत

सहारनपुर/नागल । शुक्रवार सुबह घने कोहरे के कारण टपरी मार्ग पर कार, ऑटो और डंपर की भिड़ंत में ऑटो सवार महिला स्वास्थ्यकर्मी की मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन महिलाओं समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से तीन की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

आमकी दीपचंदपुर निवासी अनुज अपनी कार से गांव की शिक्षिका नीरू, साखन कला निवासी सोनम, मेरठ निवासी रिंपल चौधरी, बढ़ेड़ी कोली निवासी सचिन आर्य और जिनेंद्र को पटनी स्थित डायट ले जा रहा था, जहां शिक्षकों का प्रशिक्षण चल रहा था। सुबह करीब नौ बजे सूभरी के पास आगे चल रहे डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रही कार डंपर से जा टकराई। इसी दौरान टपरी की ओर से आ रहा ऑटो भी हादसे की चपेट में आ गया और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। 

हादसे में ऑटो सवार आमकी दीपचंदपुर निवासी करीब 40 वर्षीय स्वास्थ्यकर्मी पवित्रा, सूभरी निवासी वसीम और सुमित घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पवित्रा को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि पवित्रा जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी थी और रात की ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही थी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष राजकुमार चौहान ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ