Looking For Anything Specific?

मेरठ: जीएसटी टीम का छापा, सीमेंट कारोबारी के आवास पर खंगाले दस्तावेज


- मवाना के भरत एनक्लेव में जीएसटी टीम की छापेमारी, करीब पांच घंटे तक चली कार्रवाई, मुख्य गेट बंद रहा

मवाना | मवाना के भरत एनक्लेव कॉलोनी में उस समय हलचल मच गई, जब जीएसटी विभाग की टीम ने सीमेंट कारोबारी के आवास पर छापेमारी की। छापा मवाना निवासी रबीस गुप्ता, राहुल गुप्ता के आवास पर डाला गया और कारोबार से जुड़े दस्तावेज खंगाले गये। बता दें कि इनकी मवाना के पास भैंसा रोड पर अम्बा सीमेंट फैक्ट्री है।

सूत्रों के मुताबिक, जीएसटी अधिकारी अमित विश्वकर्मा के नेतृत्व में बुधवार शाम पांच बजे मवाना के भरत एनक्लेव में रबीस गुप्ता व राहुल गुप्ता के आवास पर टीम पहुंची। टीम ने घर के अंदर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच की। छापेमारी के दौरान आवास का मुख्य दरवाजा बंद रखा गया और आवश्यक कागजातों की पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान बाहर लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई। मकान के गेट पर विभाग का गार्ड तैनात रहा। बताया जा रहा है कि टीम ने कारोबार से जुड़े बिल, खातों के रजिस्टर, लेन-देन के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और जीएसटी रिटर्न से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। अधिकारियों द्वारा मौके पर जरूरी कागजी कार्रवाई भी की गई। हालांकि विभाग की ओर से आधिकारिक रूप से जांच के बाद ही जानकारी देने की बात कही गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, छापेमारी कई घंटों तक चली। जीएसटी विभाग की यह कार्रवाई कर अनुपालन (टैक्स कंप्लायंस) की जांच के तहत बताई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि मामले में कोई अनियमितता पाई गई है या नहीं। देर रात करीब आठ बजे तक जीएसटी टीम अपनी कार्रवाई में जुटी रही। सीमेंट कारोबारी राहुल गुप्ता व रबीस गुप्ता के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ