छह गिरफ्तार, साढ़े 67 हजार रुपये और तीन बाइक बरामद
गाजियाबाद/लोनी। लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र में 16 जनवरी की रात मार्बल कारोबारी और उनके नौकर से हुए लूट का पुलिस ने गुरुवार को का खुलासा किया। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी लोनी के रहने वाले हैं। इनसे साढ़े 67 हजार रुपये, दो डंडे और तीन बाइक बरामद हुई। घटना में शामिल तीन आरोपी फरार हैं।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि दिल्ली के दयालपुर करावल नगर निवासी केसर सिंह ठाकुर लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र में लालबाग-करावल नगर रोड पर गंगे मार्बल के नाम से दुकान चलाते हैं। 16 जनवरी की रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर अपने नौकर रवि के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। दुकान से लगभग 50 मीटर आगे एक बाइक सवार बदमाश ने स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पहले से मौजूद तीन अन्य बदमाशों ने सरियों और डंडों से उनके और नौकर के सिर पर हमला कर दिया। इससे दोनों लहूलुहान हो गए। इसके बाद बदमाश तीन लाख रुपये रखा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में कारोबारी के बेटे रवि ने 18 जनवरी को थाने में शिकायत दी थी। डीसीपी का कहना है कि केस दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस के साथ-साथ ग्रामीण जोन की स्वाट टीम को लगाया गया था। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
पैसों के बंटवारे की फिराक में आए थे
डीसीपी के मुताबिक 22 जनवरी को सूचना मिली कि लूट की वारदात में शामिल आरोपी रकम का बंटवारा करने के लिए क्षेत्र में इकट्ठा हो रहे हैं। सूचना पर स्वाट टीम और लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने लूट की वारदात को कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद वे घबरा गए थे और पुलिस के डर से लूट की रकम पॉलीथिन में रख कीकर की झाड़ियों में छिपा दिया था। आज उसी रकम को निकालकर आपस में बांटने की योजना थी। डीसीपी का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोनी के बाग रानप निवासी 20 वर्षीय अमन गुर्जर, न्यू विकास नगर लोनी निवासी 19 वर्षीय विकास गुप्ता, मूलरूप से थाना खेकड़ा जिला बागपत के गांव फकरपुर व हाल न्यू विकास नगर लोनी निवासी 21 वर्षीय वसीम, डायमंड स्कूल के पास लोनी निवासी हर्ष, फैसल उर्फ फैज निवासी बाग रानप और मयंक निवासी न्यू विकास नगर शामिल हैं।
लूट की रकम में से खर्च कर दिए पांच हजार
डीसीपी के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि 16 जनवरी को उन्होंने लालबाग मंडी के पास स्कूटी पर सवार गंगे मार्बल्स की दुकान के मालिक और उसके नौकर के साथ डंडों से मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। लूट के बाद वह अलग-अलग रास्तों से भाग गए। डीसीपी के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि लूटे गए रुपयों में से करीब पांच हजार रुपये उन्होंने खाने-पीने और मौज-मस्ती में खर्च कर दिए। बैग में मिले कागजात और दवाइयों को रास्ते में फेंक दिया गया, जबकि एक चेक को फाड़कर नाले में डाल दिया गया। शेष रकम बिना गिने झाड़ियों में दबा दी गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम के साढ़े 67 हजार रुपये नगद, दो डंडे और वारदात में प्रयुक्त तीन बाइक बरामद हुई। डीसीपी के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान घटना में शामिल तीन अन्य आरोपी अन्य बाइक पर मौके से फरार हो गए। तीनों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ