-धुआं फैलने से व्यापारियों में मचा हड़कंप, कई दुकानदारों ने शटर गिराए
-सदर बाजार पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियों दो घंटे में आग पर काबू पाया
मेरठ। सदर स्थित न्यू सोतीगंज बाजार में एक मकान के बेसमेंट में बनाए स्पेयर पार्ट्स के गोदाम में गुरुवार को भीषण आग लग गई। वेंटिलेशन ना होने के कारण बेसमेंट में धुआं भर गया और मौके पर पहुंचे फायर कर्मचारी ऑक्सीजन मास्क लगाकर गोदाम के अंदर दाखिल हो सके। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से 15 लाख का नुकसान बताया जा रहा है।
सोतीगंज में कार मैकेनिक फहीम का तीन मंजिला मकान है। प्रथम तल पर फहीम का परिवार रहता है। मकान का बेसमेंट फहीम ने रजबन बाजार निवासी रवि को किराए पर दिया हुआ है। रवि ने इसमें स्पेयर पार्ट्स का गोदाम बनाया हुआ है। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे आसपास के व्यापारियों ने गोदाम से धुआं निकलता देखा तो इसकी जानकारी ऊपर रह रहे परिवार को दी। फहीम के परिवार के लोग आनन-फानन में नीचे उतरे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। मगर गोदाम में वेंटिलेशन ना होने के कारण पूरी तरह धुआं भरा हुआ था। फायर कर्मचारी ऑक्सीजन मास्क लगाकर गोदाम में दाखिल हुए और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से करीब 15 लाख के नुकसान की बात कही जा रही है।
0 टिप्पणियाँ