- बागपत पहुंचे डिप्टी सीएम ने सपा और कांग्रेस पर बोला तीखा हमला
- 50 की उम्र पार करने वाले लोगों को बोला जाता है बाबा-दादा
बागपत ।प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने बागपत में सपा और कांग्रेस पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि यदि मुस्लिम साथ छोड़ दें, तो सपा प्रधानी का चुनाव तक नहीं जीत पाएगी। सपा और कांग्रेस जाति के आधार पर चुनाव लड़ती है। उनके पास जनता के पास जाने के लिए कोई मुद्दा ही नहीं है। इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 2027 में यूपी जीतने के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव दिन में सपने देख रहे हैं। सपा सरकार के कार्यकाल को प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। सपा सरकार में किस प्रकार गुंडागर्दी, अपहरण, हत्या, लूट जैसी घटनाएं आम थी, उसे कभी बुलाया नहीं जा सकता।
बृजेश पाठक ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का चौमुखी विकास हो रहा है तथा प्रदेश की जनता डबल इंजन की सरकार से पूरी तरह संतुष्ट है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में हर तरफ सड़कों का जाल बिछ गया है तथा विकास कार्य अपने नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। कहा कि प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज बन चुके है। बागपत में भी जल्द ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू हो जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा और कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी की तो शादी भी नहीं हुई है। उम्र कितनी हो गई है, आपको पता है। इस उम्र के व्यक्तियों को दादा-बाबा कहा जाता है। अब प्रियंका गांधी के बेटा-बेटी ही पार्टी की बागडौर संभालेंगे। सपा की कमान अखिलेश के बच्चे संभालेंगे। भाजपा में परिवारवाद नहीं कार्यकर्ता की मेहनत चलती है जो उसे प्रधानमंत्री से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बनाती है। उन्होंने शिवसेना और एनसीपी पर हमला बोला और उन्हें भी परिवारवाद से जुड़ी पार्टी बताया।
0 टिप्पणियाँ