ट्राई लेने के बहाने कार ले गए दिल्ली के दो युवक, दिल्ली के एक कार ब्रोकर और युवक ने की धोखाधड़ी
मेरठ | देहलीगेट थाना क्षेत्र के खैरनगर निवासी एक युवक की 11 लाख कीमत की कार को दिल्ली का एक ब्रोकर और युवक मेरठ से ट्राई लेने के बहाने लेकर दिल्ली फरार हो गया। युवक ने कार और रुपया वापस मांगा तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। देहली गेट थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो आरोपियों की शिकायत एसएसपी मेरठ से की गई। एसएसपी के आदेश पर मेरठ के थाना देहली गेट में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खैरनगर निवासी इशरक ने बताया कि उसने अपनी ब्रेजा कार को बेचने की दोस्तों से चर्चा की। पिछले साल 15 जून को दिल्ली के यमुना विहार निवासी शाहबाज अहमद व ब्रोकर भजनपुरा निवासी समीर मलंग आए। उन्होंने कार का सौदा 11 लाख रुपये में किया। उसे 80 हजार रुपये बयाने के दिए और कार की ट्राई लेने की बात कही। दोनों कार लेकर चले गए लेकिन वापस नहीं आए। काफी देर बाद उन्हें मोबाइल पर कॉल की तो बताया कि वह दिल्ली आ गए हैं और एक-दो दिन में आकर कार की बकाया राशि 10 लाख बीस हजार रुपये दे जाएंगे। कार का बकाया राशि देने को आरोपी लगातार बहाना बनाते रहे। फोन करने पर अब आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इशरक ने देहली गेट थाना पुलिस से शिकायत की तो रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इशरक की शिकायत पर एसएसपी ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। देहलीगेट थाना प्रभारी कमलेश यादव का कहना है कि दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ