मेरठ | सदर बाजार स्थित जोधामल कैलाश चंद ज्वेलर्स के एकाउंटेंट ने मालिक को ही चूना लगा दिया। टैक्स के नाम पर उनके खाते से 25.18 लाख रुपये निकाले और अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर लिए। सर्राफ ने बैंक डिटेल चेक की तो धोखाधड़ी का पता चला। उसने रुपये वापस मांगे तो आरोपी वापसी का झांसा देता रहा। अब एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के आदेश पर आरोपी समेत सात लोगों को नामजद व बाकी अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जोधामल कैलाश चंद ज्वेलर्स के प्रबंधक आकाश जैन ने बताया कि उनकी दुकान पर मवाना के मोहल्ला हीरालाल निवासी नितिन शर्मा एकाउंटेंट के रूप में काम कर रहा था। दुकान के समस्त कैश, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, बैंक अकाउंट के पासवर्ड नितिन ही ऑपरेट करता था। फर्म के ईस्टन कचहरी रोड स्थित एचडीएफसी अकाउंट को उन्होंने चेक किया तो पता चला कि उससे 25,18,240 रुपये किसी खाते में ट्रांसफर किए गए। उन्होंने दुकान का लेखा जोखा चेक किया तो पता चला यह रुपया टैक्स में भेजना दिखाया गया है। उन्होंने उस खाते को चेक किया जिसमें रुपया ट्रांसफर किया तो पता चला यह खाता नितिन शर्मा की पत्नी शताब्दी शर्मा का है। नितिन से जानकारी की तो उसने अपनी गलती मानी। इसके बाद नितिन से एडवांस लिए 59 हजार रुपये वापस मांगे तो उसने वह भी नहीं दिए। परिजनों ने जल्द रुपया देने का आश्वासन दिया। काफी समय बीत जाने पर भी रुपया वापस नहीं दिया गया। आकाश ने आरोप लगाया कि फर्म से गबन किए गए रुपये में नितिन की पत्नी शताब्दी शर्मा, पिता मुकेश शर्मा, भाई, चाचा, ताऊ के बेटे, ससुर व अन्य रिश्तेदार भी शामिल हैं। आकाश जैन की शिकायत पर एसएसपी ने थाना सदर बाजार को रिपोर्ट दर्ज कर जांच के आदेश दिए। उधर , सीओ कैंट नवीला शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पुलिस टीम तलाश कर रही है।
0 टिप्पणियाँ