नोएडा । बिजनौर के मंदिर में मूर्तियों के चक्कर काटने वाले कुत्ते को इलाज के लिए नोएडा के सेक्टर-135 स्थित शिवालय एनिमल सेंटर लाया गया है। यहां उसकी स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें कई परेशानी सामने आईं। आस्था का केंद्र बने इस कुत्ते का नाम भैरव रखा गया है।
बिजनौर के मंदिर में हनुमानजी और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों की परिक्रमा लगाते यह कुत्ता दो दिन पहले से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। किसी के भी हटाने पर वह नहीं हटा। देखते-देखते यह लोगों के बीच आस्था का केंद्र बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल इस कुत्ते की गतिविधि देखकर शिवालय एनिमल सेंटर के संस्थापक संजय महापात्र ने अपने डॉक्टरों के साथ मिलकर इसके इलाज की तैयारी की, क्योंकि इस तरह की स्थिति कुत्ते में किसी न किसी तरह की बीमारी होने की आशंका दर्शा रही थी। इसी दौरान एम्स छत्तीसगढ़ की डॉ. सुष्मिता डे और बिजनौर की एक संस्था की संचालिका संध्या रस्तोगी ने भी संजय महापात्र से संपर्क किया। साथ ही, दोनों ने इस कुत्ते के इलाज के लिए पहल की। लिहाजा सेंटर की टीम 18 जनवरी को बिजनौर पहुंची। वहां से कुत्ते को इलाज के लिए नोएडा ले आई। शिवालय एनिमल सेंटर के संस्थान संजय महापात्र ने बताया कि कुत्ते (भैरव) को इलाज के लिए लाया गया है। जांच के बाद इस पशु को डिहाइड्रेशन, आंतों में सूजन, हृदय गति कम होने समेत कई परेशानी मिलीं। हालत में अब सुधार है। दो दिन के बाद उसे बिजनौर छोड़ दिया जाएगा। साथ ही 15 दिनों तक उसकी तबीयत पर नजर रखी जाएगी।
0 टिप्पणियाँ