Looking For Anything Specific?

ज्वैलर्स की दुकान में लूट का प्रयास करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार


- गुलावठी पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को किया गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी पकड़ा

बुलंदशहर। गुलावठी पुलिस और स्वाट टीम ने बीते दिनों ज्वैलर्स की दुकान में लूट का प्रयास करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी(किशोर) को भी अभिरक्षा में लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कार, लूटा गया मोबाइल समेत पांच मोबाइल, कारतूस आदि सामान बरामद हुआ है। पुलिस ने पूछताछ कर आरोपियों का चालान कर दिया है।

मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि 15 जनवरी को कुछ बदमाशों ने गुलावठी क्षेत्र स्थित 'सिंघल ज्वैलर्स' की दुकान में घुसकर लूट का प्रयास किया था। विरोध करने पर बदमाश दुकान स्वामी कुनाल सिंघल का मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। उसी हड़बड़ाहट में बदमाशों का एक तमंचा दुकान पर ही छूट गया था, जिसे पुलिस ने बरामद किया था। गुलावठी पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मंगलवार को स्वाट टीम और गुलावठी पुलिस ने घेराबंदी कर पुनीत तोमर (निवासी बराल), देवेश तेवतिया (निवासी ढहर की मडैया) और प्रवेन्द्र सिरोही (निवासी सैदपुर) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से 5 मोबाइल फोन(एक लूटा हुआ), दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई ओरा कार बरामद हुई है। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से आरोपी पुनीत तोमर शातिर बदमाश है, जिस पर गौतमबुद्धनगर के दादरी, सूरजपुर, सेक्टर-39 और ईकोटेक थानों में चोरी व अन्य अपराधों के 9 से अधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। सभी आरोपियों का पूछताछ कर चालान किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ