Looking For Anything Specific?

पतंग उड़ाने से रोकने और डांटने पर 9वीं के छात्र ने किया सुसाइड

मेरठ : शास्त्रीनगर सेक्टर 3 में पतंग उड़ाने से रोकने और डांटने पर 9वीं के छात्र ने जान दे दी। घर की दूसरी मंजिल के कमरे में छात्र ने फांसी लगा ली। छात्र लगातार कई दिन से पतंग उड़ा रहा था, जिसे लेकर मां ने बेटे को उसके दोस्तों के सामने डांट दिया था। इसी बात से नाराज होकर सोमवार आत्मघाती कदम उठा लिया।

शास्त्रीनगर सेक्टर-3 मकान नंबर-5 निवासी 14 वर्षीय अनंत चौहान विद्या मंदिर स्कूल में 9वीं क्लास में पढ़ता था। अनंत के पिता विनय चौहान ड्राइवर है। पिता विनय चौहान ने बताया कि अनंत पिछले 3 दिन से लगातार पतंग उड़ा रहा था। बसंत पंचमी के दिन बारिश होने के बाद भी अनंत नहीं माना और पतंग उड़ाने छत पर पहुंच गया था। 26 जनवरी को छुट्टी के दिन भी अनंत सुबह से दोस्तों के साथ पतंग उड़ाने अपनी छत पर चला गया। इसी बात को लेकर अनंत को उसकी मां ने दोस्तों के सामने डांट दिया था। इसके बाद अनंत मकान की दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में चला गया। वह डेढ़ घंटे तक कमरे से बाहर नहीं निकला। करीब 12.30 बजे अनंत के दोस्त उसके कमरे में गए। अनंत का शव फंदे पर लटका देखकर बाकी बच्चों की चीख निकल गई। इसके बाद दोस्तों ने शोर मचाया। चिल्लाकर अनंत के मम्मी-पापा को बुलाया। आनन-फानन में परिजन उसके कमरे में आए और अनंत को फंदे से उतार कर लोकप्रिय अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टर ने अनंत को मृत घोषित कर दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ