- पूर्व विधायक अब्दुल वहीद कुरैशी के परिवार पर भी हमला, कई वाहनों पर पत्थर बरसाकर रोकने का किया प्रयास
मेरठ/सरधना | सरधना में गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग पर रविवार देर रात बदमाशों ने कपसाड़ गांव के निकट कई वाहनों को अपना निशाना बनाया। नकाबपोश बदमाशों ने गाड़ियों पर पथराव कर दिया, जिससे कई वाहनों के शीशे टूट गए। सरधना के पूर्व विधायक अब्दुल वहीद कुरैशी के परिवार के सदस्यों की कार को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। पत्थर लगने से उनका भतीजा घायल हो गया। पीड़ितों ने अटेरना चौकी पहुंचकर पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस तुरंत हरकत में आई तो बदमाश फरार हो गए। पीड़ितों ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
मोहल्ला भुलरिया निवासी नसीम कुरैशी, पूर्व विधायक अब्दुल वहीद कुरैशी के भतीजे हैं। मेरठ रोड पर उनका पेट्रोल पंप भी है। नसीम कुरैशी ने बताया कि रविवार को वह अपने चचेरे भाई जीशान कुरैशी, भाई इकबाल, अरशद आदि के साथ कार से मुजफ्फरनगर एक सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 12 बजे वापस लौटते समय वह जैसे ही कांवड़ मार्ग पर कपसाड़ गांव के निकट पहुंचे तो करीब छह बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोकने और रोड होल्डअप का प्रयास किया। गाड़ी नहीं रोकी तो पथराव कर दिया जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। पत्थर लगने से जीशान घायल हो गया। उनके पीछे आ रहे कई वाहनों पर भी बदमाशों ने पथराव किया। एक ट्रक सहित कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। पीड़ितों ने अटेरना पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे फरार हो चुके थे। उधर, पुलिस ने घायल जीशान का सीएचसी में उपचार कराया, साथ ही तहरीर के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर गश्त भी बढ़ा दी गई है।
0 टिप्पणियाँ