Looking For Anything Specific?

सहारनपुर : ट्रक-पिकअप की टक्कर में चालक की मौत

-गंगोह-तीतरो रोड पर झाड़वन के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की हुई भिड़ंत 

-पशु खरीदने के लिए वाहन लेकर मेरठ से सहारनपुर पहुंचे थे पशु व्यापारी

-पशु व्यापारियों के पास से करीब 20 लाख रुपये बरामद, ट्रक चालक फरार

गंगोह | गंगोह-तीतरो रोड पर झाड़वन के पास देर रात ट्रक और पिकअप की आमने-सामने की टक्कर में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि मेरठ निवासी दो पशु व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने व्यापारियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया, जबकि पुलिस ने चावल से लदा ट्रक जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पिकअप में सवार व्यापारियों के पास से करीब 20 लाख रुपये की नकदी भी बरामद हुई है।

मेरठ के लक्खीपुर लिसाड़ी गेट निवासी पिकअप चालक सद्दाम साथी पशु व्यापारियों आसिफ और तारिक के साथ गंगोह के पशु मेले में पशु खरीदने आए थे। गंगोह-तीतरो रोड पर झाड़वन के पास चावल से भरा तेज रफ्तार ट्रक अचानक सामने आ गया और दोनों वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा चूर-चूर हो गया। पिकअप चालक सद्दाम ने मौके पर दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पशु व्यापारियों को राहगीरों की मदद से गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है, फरार ट्रक चालक की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस ने सद्दाम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

पिकअप से 20 लाख की नकदी बरामद

हादसे वाली व्यापारियों की पिकअप से पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये बरामद किए है। पशु व्यापारी आसिफ और तारिक ने पूछताछ में बताया कि यह रकम मेरठ के व्यापारियों से ली गई थी। पुलिस अब अवैध पशु तस्करी के एंगल से भी जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ