सरकारऔर नेल्को के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूली शिक्षा को आधुनिक और वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप ढालने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में समग्र शिक्षा (माध्यमिक) विभाग और टाटा एंटरप्राइज के अग्रणी औद्योगिक समूह 'नेल्को लिमिटेड' के बीच 600 राजकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अत्याधुनिक 'ड्रीम लैब्स' (डिजाइन, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग) की स्थापना के लिए एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह कदम राज्य के विद्यार्थियों को 'इंडस्ट्री 4.0' की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।
युवाओं के भविष्य में सबसे बड़ा निवेश: पार्थ सारथी
अपर मुख्य सचिव (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा ने समझौते के दौरान इस पहल को राज्य के युवाओं के भविष्य में एक बड़ा निवेश बताया। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती वैश्विक इंडस्ट्रियल डिमांड को देखते हुए हमारे विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल से लैस करना बेहद जरूरी है। ड्रीम लैब्स इसी दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। वहीं, महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने आकांक्षी जनपदों में इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए हब एवं स्पोक मॉडल, मशीनरी स्थापना और प्रशिक्षकों की गुणवत्ता की सख्त और परिणाम आधारित निगरानी की बात कही।
0 टिप्पणियाँ