Looking For Anything Specific?

बसंत पंचमी: डोरेमैन, स्पाइडर मैन और मोटू-पतलू पतंग की भारी मांग

- छह रुपये से लेकर 50 रुपये तक बिक रही पतंगें, सूती मांझा 10 रुपये से लेकर 250 रुपये तक, 300 से 500 रुपये तक मांझा

मेरठ। महानगर में बसंत पंचमी के अवसर पर पतंगबाजी की परंपरा एक बार फिर पूरे रंग में नजर आ रही है। शुक्रवार को मनाए जाने वाले बसंत पंचमी पर्व को लेकर बाजारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। पतंग और मांझे की दुकानों पर सुबह से देररात तक भीड़ उमड़ रही है।

इस वर्ष बच्चों में कार्टून और सुपरहीरो थीम की पतंगों की जबरदस्त मांग है। खासतौर पर डोरेमैन, स्पाइडर मैन और मोटू-पतलू की छपी पतंगें तेजी से बिक रही हैं। दुकानदारों के अनुसार छोटे बच्चों के साथ-साथ युवा वर्ग भी पूरे जोश के साथ खरीदारी कर रहा है। कीमतों की बात करें तो बाजार में पतंगें छह रुपये से लेकर 50 रुपये तक में उपलब्ध हैं। वहीं सूती मांझा 10 रुपये से लेकर 250 रुपये तक बिक रहा है। मांझे की कीमत भी गुणवत्ता के अनुसार 300 से 500 रुपये तक पहुंच गई है। अच्छे और मजबूत मांझे की मांग अधिक बताई जा रही है। प्रशासन द्वारा लगातार चाइनीज मांझे का उपयोग न करने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि चाइनीज मांझा न केवल पक्षियों और मूक पशुओं के लिए घातक है, बल्कि आम लोगों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में लोग देसी और सुरक्षित मांझे की ओर अधिक रुख कर रहे हैं। कुल मिलाकर बसंत पंचमी को लेकर बच्चे और युवा पूरी तैयारी में जुटे हैं और महानगर का आसमान रंग-बिरंगी पतंगों से भरने को तैयार है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ