- तीन माह से वेतन न मिलने पर गुस्साए स्टाफ ने किया हंगामा, अचानक शुरू कर दी अनिश्चितकालीन हड़ताल
- विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों से मिलने के लिए नहीं पहुंचा कोई अधिकारी
मेरठ | मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्सिंग कंपनी जीत एचआर, एमजे सोलंकी कंपनी से तैनात नर्सिंग स्टाफ के कर्मचारियों ने बुधवार को कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। अचानक हुई हड़ताल से अस्पताल की व्यवस्थाएं डगमगा गईं। उनकी मांगों पर आश्वासन देने के लिए भी धरनास्थल पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा।
सफाई मजदूर संघ अध्यक्ष राहुल गंगवाना ने बताया मेडिकल अस्पताल में कार्यरत स्टाफ को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। वार्डों, सिटी स्कैन, लेबर रूम, ब्लड बैंक, इमरजेंसी आदि में नर्सिंग स्टाफ लगातार ड्यूटी कर रहा है लेकिन वेतन के नाम पर उन्हें सिर्फ दिलासा दी जा रही है। इसकी शिकायत प्रधानाचार्य से की लेकिन तीन माह से सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। उन्होंने बताया कि गत माह इंचार्ज से भी वेतन दिलाने की मांग की गई थी, लेकिन संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला। स्टाफ ने कार्य से विरत रहकर चिकित्सालय प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर दी। वहीं, इंचार्ज ने बताया कि आउटसोर्सिंग कंपनी से वेतन की मांग की गई है। जल्द वेतन दिया जाएगा।
परेशान होते रहे मरीज और तीमारदार
नर्सिंग स्टाफ की हड़ताल से मेडिकल अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा गईं। लेबर रूम, बाल रोग विभाग, सर्जरी, आर्थो आदि वार्डों समेत सिटी स्कैन, ब्लड बैंक और इमरजेंसी आदि में मरीज और तीमारदार परेशान दिखे। मरीजों को दवाइयों से लेकर इंजेक्शन, ड्रिप आदि के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। देर शाम तक भी अस्पताल प्रबंधन अतिरिक्त व्यवस्था नहीं कर सका।
0 टिप्पणियाँ