- थाने से करीब पांच सौ मीटर दूर हुई वारदात, देररात करीब 3 बजे दीवार फांदकर कारोबारी के मकान में घुसे बदमाश
- परिवार को बंधक बनाकर पांच लाख की नकदी और नौ लाख के जेवर लूटे
मेरठ | मेरठ के मुंडाली गांव में कारोबारी के घर मंगलवार देररात बदमाशों ने धावा बोला और परिवार को बंधक बनाकर करीब 14 लाख की डकैती को अंजाम दिया। बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुस आए और ऊपरी मंजिल पर सो रहे कारोबारी के बेटे को गन प्वाइंट पर ले लिया। उसके हाथ-पैर बांधकर मकान के नीचे वाली मंजिल पर पहुंचे और बदमाशों ने महिलाओं को भी गन प्वाइंट पर लेकर 4.80 लाख की नकदी, नौ लाख कीमत के जेवरात लूट लिए। करीब डेढ़ घंटे बदमाश मकान में रहे और इसके बाद सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात मुंडाली थाने से करीब 500 मीटर दूर हुई।
मुंडाली निवासी जहांगीर झूमर कारोबारी हैं। गांव के बाहर करीब एक बीघा जमीन में इनका कारखाना और मकान बना है। मंगलवार रात जहांगीर अपने कारखाने पर सोए थे, जबकि बाकी परिवार घर पर ही था। देररात करीब तीन बजे चारदीवारी फांदकर पांच बदमाश परिसर में दाखिल हुए। बदमाश सीढ़ियों से होकर मकान की ऊपरी मंजिल पर पहुंचे और यहां सो रहे जहांगीर के बेटे शाहजीम को गन प्वाइंट पर ले लिया। शाहजीम के मुंह पर कपड़ा बांध दिया और हाथ पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद बदमाश घर में नीचे दाखिल हुए और यहां जहांगीर की पत्नी शहाना, चार बेटियों को भी बंधक बना लिया। बदमाशों ने धमकी दी आवाज निकाली तो गोली मार देंगे। साथ ही कहा कि एक आदमी को ऊपर तुम्हारे बेटे के कमरे में रखा है उसकी भी हत्या कर देंगे। ऐसे में महिलाओं ने विरोध नहीं किया। सभी बदमाशों ने मुंह पर मास्क लगाया था और कपड़े बांधे हुए थे। सभी बदमाशों ने परिवार की महिलाओं के जेवरात निकाल लिए। जो कंगन नहीं उतरे, उन्हें कटर से काटकर निकाल लिया। इसके बाद अलमारी की चाबी मांगी तो शहाना ने बताया कि पति जहांगीर के पास चाबी है। बदमाशों ने अलमारी का लॉक तोड़कर लॉकर में रखे जेवरात भी निकाल लिए। बदमाश करीब डेढ़ घंटे मकान में रहे और करीब 14 लाख के जेवर-नकदी समेटकर फरार हो गए। शाहजीम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज किया है।
बदमाशों के फरार होने पर महिलाओं ने मचाया हल्ला
सुबह करीब 4.30 बजे बदमाश दीवार से कूदकर खेतों में ही फरार हो गए। इसके बाद परिवार की महिलाओं ने हल्ला मचाया और जहांगीर घर पहुंचे। पुलिस को बुलाया गया। दिन निकलने पर एसपी देहात अविजीत कुमार मौके पर पहुंचे। स्वाट टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी में पांच बदमाश अंदर मकान में घुसते दिखाई दे रहे थे। इस वीडियो फुटेज को पुलिस ने कब्जे में लिया है। तीन टीमों को खुलासे के लिए लगाया है।
0 टिप्पणियाँ