मेरठ: प्रेमिका की खौफनाक धमकी से दहशत में प्रेमी
मेरठ (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक को उसकी प्रेमिका ने शादी से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दी है। प्रेमिका ने युवक को खौफनाक अंदाज में चेतावनी देते हुए कहा कि वह उसकी हत्या कर लाश को 'नीले ड्रम' में पैक कर देगी। इस धमकी के बाद पीड़ित युवक जबरदस्त मानसिक तनाव और खौफ में है। उसने एसएसपी (SSP) कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती, रील बनाने से शुरू हुआ सफर
मिली जानकारी के अनुसार, दौराला निवासी एक युवक की दोस्ती कुछ समय पहले सोशल मीडिया के माध्यम से कंकरखेड़ा की रहने वाली एक युवती से हुई थी। युवती सोशल मीडिया पर रील (Reels) बनाने की शौकीन है। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी और वे एक-दूसरे से मिलने-जुलने लगे। युवक का आरोप है कि युवती उसे रील बनाने के बहाने अपने साथ ले जाती थी और इस दौरान उसने युवक की मुलाकात अपने परिवार से भी कराई थी।
नीले ड्रम वाली धमकी से इलाके में सनसनी
विवाद तब शुरू हुआ जब युवती और उसके परिजनों ने युवक पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया। युवक द्वारा शादी से इनकार करने पर युवती ने उसे धमकी दी कि वह उसका हाल मेरठ के चर्चित 'सौरभ हत्याकांड' जैसा कर देगी। युवती ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह उसकी हत्या कर शव को नीले ड्रम में भरकर ठिकाने लगा देगी।
बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 'नीला ड्रम' शब्द अपराध जगत की एक खौफनाक वारदात से जुड़ा है, जिसे सुनकर युवक बुरी तरह डर गया। युवक ने अपनी शिकायत में कहा है कि यदि उसे सुरक्षा नहीं मिली तो वह आत्महत्या करने पर मजबूर हो जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी, लेकिन युवक का पता नहीं
एसएसपी को शिकायत मिलने के बाद दौराला थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए गए हैं। हालांकि, पुलिस के सामने एक अजीब चुनौती खड़ी हो गई है। पुलिस के मुताबिक, युवक ने जो प्रार्थना पत्र भेजा है, उसमें अपना पूरा पता और मोबाइल नंबर अंकित नहीं किया है। इंस्पेक्टर दौराला सुमन कुमार सिंह ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है, ताकि उसका बयान दर्ज कर मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।
बुलंदशहर में भी सामने आया 'ड्रम और सीमेंट' का खौफ
इसी तरह की एक अन्य घटना बुलंदशहर में भी देखने को मिली, जहां एक पति अपनी पत्नी के प्रेमी की फेसबुक पोस्ट देखकर इतना डर गया कि उसने खुद अपनी पत्नी को प्रेमी के साथ विदा कर दिया। प्रेमी ने फेसबुक पर 'सीमेंट और ड्रम' की फोटो के साथ मेरठ की मुस्कान और साहिल की तस्वीर पोस्ट की थी, जिसे हत्या के संकेत के रूप में देखा गया। जान के खतरे को देखते हुए पति ने पुलिस की मौजूदगी में अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ भेज दिया।
0 टिप्पणियाँ